हरदा सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक केंद्र पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ना और हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग विवेक शर्मा ने बताया कि जिले में परियोजनावार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खिरकिया परियोजना में 26 से 28 सितंबर, हरदा शहरी, हरदा ग्रामीण-01 एवं हरदा ग्रामीण-02 परियोजनाओं में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तथा टिमरनी परियोजना में 2 से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित होगा।
पहले दिन बाल स्वास्थ्य और मनोरंजक गतिविधियां
पहले दिन 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए खेल, कहानी, चित्रकला एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच कराई जाएगी। प्रधानमंत्री के संदेश का वाचन, कॉमिक वितरण तथा मुख्यमंत्री की अपील का प्रसारण भी किया जाएगा। बच्चों को फल एवं मिठाई का वितरण किया जाएगा।
दूसरे दिन मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण पर संवाद
दूसरे दिन गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर अवधि से संबंधित परामर्श दिया जाएगा। संतुलित आहार, एनीमिया, स्तनपान और शिशु देखभाल जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी।
तीसरे दिन साझा होंगी सफलता की कहानियां
तीसरे दिन ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ कार्यक्रम होगा। इसमें विभागीय योजनाओं से लाभान्वित दो-तीन माताएं अपने अनुभव साझा करेंगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, टेक होम राशन और गर्म पका भोजन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जनसमुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विभाग के अनुसार, ‘आंगन मिलन’ के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण, मातृ स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय के बीच संवाद को मजबूत किया जाएगा।
