सड़क दुर्घटना में घायल परिवार ने विधायक कंचन मुकेश तनवे से लगाई मदद की गुहार, विधायक प्रतिनिधि ने दिया आर्थिक सहायता का भरोसा
खंडवा। ग्राम मथेला निवासी एक परिवार सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद सहायता की उम्मीद लेकर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे के निवास पर पहुँचा और अपनी पीड़ा बताकर मदद की गुहार लगाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे खंडवा-मूंदी रोड पर ग्राम मथेला रेलवे ओवरब्रिज के आगे एक चार पहिया वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार परिवार के सदस्य घायल हो गए। दुर्घटना में दीपरित सिद्धाम सहित परिवार के अन्य सदस्य चोटिल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल खंडवा ले जाया गया।
पीड़ित परिवार ने विधायक निवास पहुँचकर दुर्घटना की जानकारी दी और आर्थिक परेशानी के चलते सहायता की मांग की। इस पर विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने परिवार की बात गंभीरता से सुनी तथा संबंधित वाहन मालिक से फोन पर चर्चा कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के संबंध में बात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा भी दिया।
इस दौरान पीड़ित परिवार ने दुर्घटना के बाद सामने आई परेशानियों से विधायक प्रतिनिधि को अवगत कराया और न्याय एवं सहायता की उम्मीद जताई।
विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने कहा कि संकट के समय जरूरतमंद परिवारों की मदद करना हमारी जिम्मेदारी है। पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
