विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न गांवों और वार्डों में लगाए गए शिविर, 34 नए कनेक्शन भी दिए गए
हरदा। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में ‘संपर्क अभियान’ के तहत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 17 अक्टूबर को हरदा, खिरकिया और टिमरनी क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं वार्डों में शिविर लगाए गए।
इन शिविरों में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और उनका मौके पर ही निराकरण किया गया। अभियान के दौरान कुल 884 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 719 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया।
शिविरों में नवीन विद्युत कनेक्शन, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, बिजली के खंभों, वोल्टेज की समस्या, विद्युत बिल में सुधार, मीटर एवं सर्विस केबल, डुप्लीकेट बिल और मीटर रीडिंग से संबंधित शिकायतों का समाधान किया गया। इसके अलावा अन्य तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए भी उपभोक्ताओं को सुविधा उपलब्ध कराई गई।
अभियान के तहत मात्र 5 रुपये में 34 नए विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए। साथ ही उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
हरदा के वार्ड क्रमांक 29, ग्राम खामापडमा, रातातलाई और बाफला सहित खिरकिया क्षेत्र के चौकड़ी एवं सोमगांव तथा टिमरनी क्षेत्र के धौलपुर कलां, लोलांगरा, धौलपुर खुर्द और महूखाल में शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई।
