हरदा। जिला रोजगार कार्यालय हरदा एवं मेपसेट के संयुक्त तत्वावधान में संकल्प योजना के तहत सोमवार को महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए कॅरियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक काउंसलर श्रीमती ज्योति तिवारी ने विद्यार्थियों को 10वीं एवं 12वीं के बाद कॅरियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने इंजीनियरिंग, मेडिकल, कानून, शिक्षण, कृषि, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कॅरियर का चयन अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करना चाहिए। दूसरों की देखा-देखी कॅरियर चुनने के बजाय अपनी क्षमता को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। सही समय पर मार्गदर्शन मिलने से युवा अपने लक्ष्य की ओर बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकते हैं।
इस दौरान काउंसलर ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय भी बताए। छात्र-छात्राओं ने कॅरियर से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका काउंसलर द्वारा समाधान किया गया।
