स्मार्ट सिटी कॉलोनी में मां काली के शौर्य का मंचन, सामाजिक बुराइयों के संहार का दिया संदेश
खंडवा//इंदौर रोड स्थित स्मार्ट सिटी कॉलोनी में शारदीय नवरात्र के अष्टम दिवस पर मां महागौरी की आराधना के साथ मां काली के पराक्रम और शक्ति का भव्य नाट्य मंचन किया गया। इस अवसर पर कॉलोनी के बच्चों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मां काली द्वारा महिषासुर एवं चंड-मुंड राक्षसों के वध का सजीव दृश्य प्रस्तुत किया।
नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार मां दुर्गा ने राक्षसी शक्तियों का संहार कर धर्म और न्याय की स्थापना की, उसी प्रकार आज के 21वीं सदी के समाज में व्याप्त अन्याय, अशिक्षा, बेरोजगारी, पर्यावरण असंतुलन एवं दहेज प्रताड़ना जैसी सामाजिक बुराइयों का भी अंत करना आवश्यक है। इन बुराइयों को आधुनिक युग के असुरों के रूप में दर्शाते हुए बच्चों ने समाज को जागरूकता, समानता, शिक्षा और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया।
इस प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुति में बालिका वैभवी गोलकर, कार्तिक पटेल, चकोर डागर, महालक्ष्मी नामदेव, जाह्नवी पटेल सहित अन्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा और अभिनय से सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रस्तुति ने मां काली के अदम्य साहस, नारी शक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति एवं कॉलोनीवासियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए यह प्रेरणा दी कि नवरात्रि का वास्तविक उद्देश्य केवल देवी की आराधना ही नहीं, बल्कि अपने भीतर और समाज में व्याप्त बुराइयों का नाश करना भी है।
