स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्या का निराकरण किया जाएगा, प्रयास जारी
—
खंडवा//
ओंकारेश्वर क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों एवं दुकानदारों द्वारा दो दिनों तक ओंकारेश्वर बंद रखने की घोषणा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देश पर स्थानीय नागरिकों से चर्चा करने हेतु सोमवार को ओंकारेश्वर में बैठक आयोजित की गई थी। अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि ओंकारेश्वर में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर संवाद एवं सकारात्मक समाधान के प्रयास किए गए हैं। इसी उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई थी। जिला प्रशासन के प्रयासों के बावजूद स्थानीय नागरिक बैठक में उपस्थित नहीं हुए।
अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि स्थानीय नागरिकों से जिला प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा पूर्व में 17 अक्टूबर को चर्चा के दौरान नागरिकों की 18 में से 17 मांगों के मामले में पूर्व में सहमति बन चुकी है तथा शेष मांग पर चर्चा के लिए प्रशासन तैयार है, तो ऐसी स्थिति में ओंकारेश्वर बंद जारी रखने का कोई औचित्य प्रतीत नहीं होता। प्रशासन का मत है कि संवाद एवं सहमति के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना ही सबसे उचित मार्ग है।
