*कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक : न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की संवेदनशील पहल*
*अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में एक माह से अधिक समय तक परिवार की तलाश, मानसिक दिव्यांग नाबालिग को कलेक्टर के अनुमोदन से सेवाधाम आश्रम उज्जैन में मिला सुरक्षित आश्रय*
खंडवा। कन्या पूजन की सार्थकता कन्या संरक्षण और जरूरतमंद बेटियों को सुरक्षित भविष्य देने में है। इसी भावना के अनुरूप न्यायपीठ बाल कल्याण समिति खंडवा ने विशेष देखभाल की आवश्यकता वाली एक मानसिक दिव्यांग नाबालिग बालिका के पुनर्वास की व्यवस्था की है। समिति अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में बालिका के परिवार को खोजने के लिए एक माह से अधिक समय तक प्रयास किए गए। परिवार का पता नहीं चलने और खंडवा में उपयुक्त दीर्घकालीन आवासीय व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने पर जिला कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के अनुमोदन से बालिका को उज्जैन स्थित सेवाधाम आश्रम में सुरक्षित आश्रय दिलाया गया।
*अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में हुई वैधानिक कार्यवाही*
बालिका की देखभाल और पुनर्वास की आवश्यकता को देखते हुए न्यायपीठ ने प्रकरण को प्राथमिकता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की। परिवार की तलाश के प्रयासों के साथ संबंधित विभागों से समन्वय कर उसके लिए उपयुक्त आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। पूरी कार्यवाही में बालिका की सुरक्षा, गरिमा और सर्वोत्तम हित को केंद्र में रखा गया।
इस प्रक्रिया में विशेष किशोर पुलिस इकाई की आरक्षक नेहा कुल्हारे, जिला बाल संरक्षण अधिकारी रत्ना शर्मा, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी पूजा राठौर तथा समिति सदस्य मोहन मालवीय, रुचि पाटिल, कविता पटेल और स्वप्निल जैन का सहयोग रहा।
अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने सेवाधाम आश्रम, उज्जैन के संचालक सुधीर गोयल के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित आश्रय, निरंतर देखरेख और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।
न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की यह पहल संदेश देती है कि कन्या पूजन तभी सार्थक है, जब कन्या संरक्षण को भी प्राथमिकता मिले। बालिका की निजता और गरिमा का ध्यान रखते हुए उसके सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था की गई है।
कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक : न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की संवेदनशील पहल*
Tanish Gupta
वरिष्ठ संवाददाता
📍 खंडवा(मध्यप्रदेश)
राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने वाले समाचार संवाददाता।
« पिछली खबर (Previous)
हुसा नांदेड़ खंडवा तुकाईथड़ स्पेशल ट्रेन का खंडवा में हुआ स्वागत।
अगली खबर (Next) »
*खण्डवा पुलिस की अभियोजन में एक और सफलता, नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के प्रकरण में आरोपी को मिली पृथक पृथक धाराओं में क्रमशः 5 वर्ष, 7 वर्ष एवम 20 वर्ष सश्रम कारावास तथा एक – एक हजार रु अर्थदण्ड की सजा*
