# रामायण-महाभारत काल से जुड़ी मान्यता, तुलजा भवानी मंदिर में उमड़ रहे श्रद्धालु
**सुबह 5 बजे से देर रात तक दर्शन, नवरात्रि में अभिषेक, विशेष श्रृंगार और महाआरती से भक्तिमय माहौल**
खंडवा।आस्था, इतिहास और लोकमान्यताओं का संगम कहे जाने वाले खंडवा के प्राचीन तुलजा भवानी माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो चुका है। सुबह 5 बजे से ही भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे हैं। दिनभर दर्शन का सिलसिला चलता है, वहीं रात 8 बजे होने वाली महाआरती में भी श्रद्धालु शामिल होकर माता का आशीर्वाद लेते हैं। मंदिर से जुड़ी रामायण और महाभारत काल की मान्यताएं इसे शहर की प्रमुख धार्मिक धरोहरों में विशेष स्थान दिलाती हैं।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि नवरात्रि पर्व प्रारंभ हो चुका है शुभ मुहूर्त में
मंत्रोच्चार के साथ पर्व प्रारंभ हो चुका है, नवरात्रि के नौ दिनों में मंदिर में प्रतिदिन सुबह माता का अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया
जाएगा। सुबह की आरती के बाद दिनभर दर्शन होते हैं और रात 8 बजे महाआरती आयोजित की जाती है। नवरात्रि के चलते मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि तुलजा भवानी माता मंदिर को लेकर मान्यता है कि इसका संबंध रामायण काल से है। लोककथाओं के अनुसार, वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने सीता माता और लक्ष्मण के साथ खांडव वन क्षेत्र में समय बिताया था। इसी दौरान उन्होंने नौ दिनों तक मां तुलजा भवानी की आराधना की और उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर दक्षिण दिशा की ओर प्रस्थान किया। मंदिर की प्राचीनता और इससे जुड़ी कथाएं श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख आधार हैं।
मंदिर से महाभारत काल की कथाएं भी जुड़ी हैं। वहीं, मराठा शासक छत्रपति शिवाजी की आराध्य देवी मां भवानी को माना जाता है। प्रचलित किंवदंती के अनुसार, मां भवानी ने शिवाजी को तलवार प्रदान की थी। इन मान्यताओं के कारण मंदिर का धार्मिक महत्व खंडवा के बाहर तक फैला हुआ है।
मंदिर में मां भवानी की सिंह पर सवार अष्टभुजी प्रतिमा विराजित है। पुजारी गौरव सिंह चौहान के अनुसार, नवरात्रि में माता का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार किया जाता है। मंदिर परिसर लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में विस्तारित है। वर्तमान मंदिर भवन का निर्माण करीब 50 वर्ष पूर्व कराया गया था।
पुजारी गौरव सिंह चौहान ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह अभिषेक, विशेष श्रृंगार और रात 8 बजे महाआरती की जाएगी। अष्टमी और नवमी के अवसर पर भी विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं। इन दिनों शहर में जगह-जगह सजे दुर्गा पंडालों के साथ प्राचीन तुलजा भवानी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। भक्त माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
तुलजा भवानी मंदिर खंडवा की धार्मिक पहचान और आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहां जुटने वाली भीड़ इस प्राचीन मंदिर के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाती है।
