सिंगोट क्षेत्र के 40-50 गांवों में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिंगोट के अध्यक्ष केदार पाटीदार ने विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता को सौंपा ज्ञापन, नियमित बिजली आपूर्ति की मांग
खंडवा/
सिंगोट क्षेत्र एवं उससे जुड़े लगभग 40 से 50 गांवों में बार-बार और बिना पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्रि पर्व, विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था, घरेलू कार्यों और किसानों की कृषि गतिविधियों पर बिजली कटौती का प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिंगोट के अध्यक्ष केदार पाटीदार के नेतृत्व में विद्युत वितरण केंद्र सिंगोट के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपकर नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सिंगोट क्षेत्र के गांवों में पिछले कई दिनों से बार-बार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्रि पर्व के दौरान बिजली की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है, लेकिन अनियमित आपूर्ति के चलते आमजन को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बिजली बंद रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था, घरेलू कामकाज और किसानों के कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
केदार पाटीदार ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती किए जाने से ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। विद्युत विभाग को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार करना चाहिए। यदि तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, तो उसका शीघ्र निराकरण किया जाए तथा आवश्यक होने पर ग्रामीणों को पहले से सूचना दी जाए।उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की कि सिंगोट क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर नियमित और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आमजन के साथ उग्र आंदोलन करेगी और चक्काजाम भी किया जाएगा।
इस अवसर पर केदार पाटीदार, कड़वा पटेल, सेवक पटेल, मोंटी सिंह पंवार, विनायक पटेल, प्रवीण आर्य, आरिफ खान, महेश पटेल, उज्जवल सातले सहित तमाम कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे
