अंतरराष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप में खंडवा के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
तीन स्वर्ण समेत 6 पदक जीते, कोच शिहान मनीष भैसारे को मिला बेस्ट रेफरी अवॉर्ड
खंडवा। हर विधाओं में हमारे जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है ये प्रतिभाएं अपने हुनर और कला के माध्यम से खंडवा जिले का नाम देश-विदेश में रोशन कर रही हैं। कुश्ती खेल के साथ ही अब कराते प्रतियोगिता में भी हमारे जिले के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक प्राप्त कर खंडवा का नाम रोशन कर रहे हैं, समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई शुभकामना देते हुए बताया कि मुंबई के मीरा रोड स्थित मिहिर सेन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 4 और 5 अक्टूबर को हुई अंतरराष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप में खंडवा कराते अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत सहित नेपाल, भूटान, मलेशिया, श्रीलंका और थाईलैंड के खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में खंडवा के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 6 पदक जीते।
कुमिते में तीन स्वर्ण
कुमिते स्पर्धा में हर्ष मालवीय ने 42 किग्रा, नेवेद्धया पाल ने 39 किग्रा और तुषार पटेल ने 52 किग्रा वजन वर्ग में अपने-अपने मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
काता में भी मिली सफलता
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि काता स्पर्धा में हर्ष मालवीय ने रजत पदक जीता। वहीं नेवेद्धया पाल और तुषार पटेल ने कांस्य पदक अपने नाम किए। तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो-दो पदक जीतकर अकादमी का प्रदर्शन मजबूत किया।
कोच को बेस्ट रेफरी अवॉर्ड
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के साथ निर्णायक की भूमिका निभाने वाले कोच शिहान मनीष भैसारे, द्रोणा रत्न पुरस्कार विजेता, को उत्कृष्ट निर्णायक प्रदर्शन के लिए बेस्ट रेफरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
शिहान मनीष भैसारे ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को दिया। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी।
खंडवा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, समाजसेवी प्रवक्ता सुनील जैन, जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, कराते अकादमी, अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने खुशी जताकर बधाई एवं शुभकामना दी।
