दिवंगत किशन गुप्ता के परिजनों से मिलीं महापौर अमृता अमर यादव, बंधाया ढांढस,
परिवार को न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा, दिवंगत आत्मा को अर्पित की श्रद्धांजलि
खण्डवा। पिछले दिनों नए बस स्टैंड पर हुए विवाद के बाद दिवंगत हुए स्व. किशन गुप्ता के निवास पर खण्डवा महापौर अमृता अमर यादव पहुंचीं। महापौर ने शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात कर इस कठिन परिस्थिति में उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत किशन गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
महापौर श्रीमती यादव ने किशन गुप्ता के परिवारजनों से पूरे घटनाक्रम एवं उनकी परिस्थितियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़ी हैं और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।
इस दौरान महापौर ने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की पीड़ा की भरपाई संभव नहीं है। ऐसी कठिन परिस्थिति में परिवार को संबल देना और न्याय की प्रक्रिया में उनके साथ खड़ा रहना हम सभी की जिम्मेदारी है।
महापौर अमृता यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रियांशु चोरे, निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य राजेश यादव, सोमनाथ काले, दीना पंवार, आशीष चटकेले,सुनील जैन, पार्षद रानी वर्मा ,हर्षा ठाकुर प्राची टुटेजा ,निशा अग्रवाल, सुनील बंसल, रानू लाला, अनुज नागोरी, सोनू यादव, आकाश यादव, हेमंत शेखावत, नीरज तोलानी एवं मनीष पवार सहित अन्य उपस्थित रहे।
सभी ने स्व. किशन गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
