चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का विरोध, खंडवा में निकलेगा मार्च ,होगा अनोखा प्रदर्शन
एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, गांधी भवन से घंटाघर तक निकलेगा पैदल मार्च
खंडवा। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है।
कांग्रेस ने दावा किया है कि पिछले 10 महीनों के दौरान चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के स्तर पर लिए गए कुछ निर्णयों को लेकर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराईं। इनमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), नए मतदाताओं को जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने तथा चुनाव आयोग की आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण से जुड़े मुद्दे शामिल बताए गए हैं।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि आज 30 सितंबर बुधवार को खंडवा जिला मुख्यालय पर दोपहर 3 बजे गांधी भवन से पैदल मार्च निकलेगा जो बॉम्बे बाजार,केवलराम पेट्रोल पंप से होते हुए घंटाघर पहुचेगा जहाँ चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह ने कहा कि इस अवसर पर समस्त पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा-संगठनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे।
प्रतिभा रघुवंशी एवं उत्तमपाल सिंह ने कांग्रेस ने सभी जिला एवं शहर इकाइयों से कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आव्हान किया है।
