*सद्भावना मंच ने रेल यात्रियों की सुविधाओ को लेकर डीआरएम के नाम दिया ज्ञापन*
खंडवा। सद्भावना मंच ने डीआरएम, भुसावल के नाम ज्ञापन सौंपकर रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड बूथ को पुनः शुरू करने तथा स्टेशन एवं ट्रेनों में बिक्री होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
सद्भावना मंच के सदस्य कमल नागपाल ने बताया कि मंच के संस्थापक प्रमोद जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल रेलवे स्टेशन प्रबंधक जी.एल. मीणा से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि प्रीपेड बूथ के अभाव में बाहर से आने वाले रेल यात्रियों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने अथवा उन्हें ठगे जाने की संभावना बनी रहती है। प्रीपेड बूथ पुनः शुरू होने से यात्रियों से निर्धारित शुल्क ही लिया जा सकेगा तथा उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
सद्भावना मंच सदस्यों ने स्टेशन प्रबंधक को बताया कि खंडवा जंक्शन स्थित आरक्षण कार्यालय के बाहर जो लोग गेट खुलने का इंतजार करते हैं,उनके लिए बैठने की कोई विधिवत व्यवस्था नहीं है। गेट खुलने का समय प्रातः 7:45 बजे का है जबकि तत्काल आरक्षण हेतु यात्रीगण प्रातः 4 बजे से या उससे भी पहले से लाइन में लग जाते हैं,जिसमें महिलाएं भी होती हैं मजबूरन उन्हें वहां पर लगे पाइप्स पर या नीचे जमीन पर बैठना पड़ता है।ऐसे में आरक्षण टिकट के लिए पंक्तिबद्ध यात्रियों के लिए हॉल के बाहर भी कुछ न कुछ बैठक व्यवस्था होनी चाहिए।ज्ञापन में रेलवे स्टेशन तथा ट्रेनों में बिक्री के लिए आने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी गंभीरता से विचार करने की मांग की गई। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही बिक्री सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर सद्भावना मंच के संस्थापक प्रमोद जैन,सुरेंद्र गीते,जगदीशचंद्र चौरे, गणेश भावसार,कमल नागपाल, अनूप शर्मा, डॉ एम एम कुरैशी,नारायण फरकले,सुभाष मीणा एवं कैलाश पटेल आदि उपस्थित रहे।
