केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके बोले- समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास प्रदेश की पहचान; कपिल जाट को ट्रैक्टर और पंकज मोरछले को मिली बुलेट
हरदा। मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस रविवार को हरदा जिले में हर्षोल्लास और समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री उइके ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के लिए जाना जाता है। भौगोलिक दृष्टि से मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। यहां नर्मदा नदी, महाकाल, चित्रकूट, भीमबेटका, सांची और खजुराहो जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल प्रदेश की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक विविधता मध्यप्रदेश को विशिष्ट बनाती है। प्रदेश को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1 नवंबर 1956 को मध्यप्रदेश का गठन हुआ था। आज प्रदेश के विकास और समृद्धि का संकल्प लेने का दिन है।
प्रश्नोत्तरी में हरदा के किसानों ने जीते बड़े पुरस्कार
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हरदा के किसानों के लिए खुशियां लेकर आई। प्रतियोगिता में सही जवाब देकर जिले के तीन किसानों ने आकर्षक पुरस्कार हासिल किए। ग्राम बिच्छापुर निवासी कपिल जाट ने प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर जीता, जबकि ग्राम रोलगांव निवासी पंकज मोरछले को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल मिली। वहीं ग्राम झुण्डगांव निवासी रामचंद्र खोरे को 24 प्रश्नों के सही उत्तर देने के बाद लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से पुरस्कार मिला।
पुरस्कार प्राप्त किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन से जुड़े विभागों के प्रति आभार जताया। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी जानकारी और जागरूकता से जोड़ना रहा।
विद्यार्थियों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान पर आधारित प्रस्तुति दी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मसनगांव के विद्यार्थियों ने आदिवासी लोकनृत्य तथा तक्षशिला एकेडमी के विद्यार्थियों ने कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने भी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत हरदा के चंद्रगोपाल छापरे को एक लाख रुपये का चेक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की लगाई प्रदर्शनी
कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके अलावा कृषि विभाग ने नरवाई प्रबंधन एवं प्राकृतिक उत्पादों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। अतिथियों ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व विधायक मनोहरलाल राठौर, कलेक्टर कुमार सत्यम, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार एवं अनुपमा, सीईओ जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में लोकतंत्र सेनानी मरगूव हुसैन बंदूक वाले का भी सम्मान किया गया।
