*नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन हेतु आमजन के पालनार्थ विस्तृत दिशा-निर्देश*
नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, जल दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए समस्त श्रद्धालुओं, आयोजकों एवं आम नागरिकों से निम्नलिखित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जाती है।
*विसर्जन स्थल पर सुरक्षा संबंधी निर्देश*
1. प्रतिमा विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं अधिकृत विसर्जन स्थलों पर एवं निर्धारित सुरक्षित स्थान से ही करें।
2. प्रतिमा विसर्जन सूर्यास्त से पूर्व व अँधेरा होने से पहले कर लेवें। जहां तक सम्भव हो अँधेरे में नदी,तालाब या अन्य विसर्जन स्थल पर प्रतिमा विसर्जन से बचे।
3. विसर्जन स्थल पर तैनात पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
4. बैरिकेडिंग के भीतर निर्धारित सीमा तक ही जाएं। गहरे पानी में उतरने अथवा प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से बचें।
5. वर्तमान में जारी बारिश के कारण विसर्जन स्थलों नदी, तालाब आदि के किनारे फिसलन हो गई है। फिसलन वाले घाटों, गहरे पानी तथा तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।
6. छोटे बच्चों को जलाशय के किनारे अकेला न छोड़ें। बच्चों के साथ अभिभावक अनिवार्य रूप से रहें। बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
7. प्रशासन द्वारा असुरक्षित घोषित किए गए स्थानों पर विसर्जन न करें।
8. नाव, ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा अन्य साधनों पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं। किसी भी वाहन (ट्रेक्टर आदि) में एक साथ बड़ी संख्या में लोग सवार होकर प्रतिमा विसर्जन हेतु न जावे।
*भीड़ नियंत्रण एवं व्यवस्था संबंधी निर्देश*
1. विसर्जन स्थल पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें तथा आवागमन के रास्ते खुले रखें।
2. निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का उपयोग करें तथा एक-दूसरे को धक्का देने से बचें।
3. किसी भी स्थिति में भगदड़ जैसी परिस्थिति उत्पन्न न होने दें।
4. घाटों एवं विसर्जन स्थलों पर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
5. एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं पुलिस वाहनों के लिए निर्धारित रास्ते अवरुद्ध न करें।
6. एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के घाट की ओर बढ़ने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित क्रम का पालन करें।
7. किसी भी संदिग्ध वस्तु, लावारिस बैग अथवा असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
*जल सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम*
1. प्रतिमा विसर्जन हेतु स्वयं नदी/तालाब/कुंड में न उतरें, प्रशासन द्वारा तैनात किये गए गोताखोर या अन्य सुविधाओं का उपयोग करें।
2. प्रतिमा को उठाने अथवा विसर्जित करने के दौरान अपनी क्षमता से अधिक भार न उठाएं।
3. जलाशय में तैराकी, स्टंट, छलांग लगाने अथवा सेल्फी लेने के लिए जोखिम उठाने से बचें।
4. किसी दुर्घटना की स्थिति में घबराएं नहीं तथा तत्काल पुलिस एवं बचाव दल को सूचना दें। तत्काल प्रशिक्षित गोताखोर, बचाव दल अथवा पुलिस की सहायता लें।
5. शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करके विसर्जन स्थल पर न आएं और न ही वाहन चलाएं।
*आमजन से अपील*
माँ नवदुर्गा की प्रतिमा विसर्जन श्रद्धा, आस्था एवं उल्लास का पर्व है। सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से विसर्जन संपन्न करें। स्वयं सुरक्षित रहें, दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें तथा पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
