जिनेन्द्र भगवान की शांति-धारा हेतु मंदिर में रजत-मय कलश किया समर्पित
अत्तर परिवार के धर्ममय समर्पण की जैन समाज ने की अनुमोदना
खंडवा। धर्मनगरी खंडवा के सराफा स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ पोरवाड़ दिगंबर जैन मंदिर में जिनशासन की मंगलमयी परंपरा के अंतर्गत अष्टमी के दिन भगवान जिनेंद्र देव की शांति-धारा हेतु रजत-मय अतिसुंदर कलश समर्पित किया गया। यह पुण्यशाली धर्मकार्य श्रद्धा, भक्ति एवं जिनेंद्र प्रभु के प्रति अटूट आस्था का अनुपम प्रतीक बना।
पोरवाड़ दिगम्बर जैन समाज के मीडिया प्रभारी प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि इस पावन अवसर पर श्रीमती मंजुला, धर्मपत्नी स्वर्गीय राजकुमार जैन, राहुल जैन एवं श्रीमती ऋषिका जैन, मास्टर रौनक जैन तथा कु. रिद्धि जैन (अत्तर परिवार) द्वारा कलश प्रदान कर धर्मलाभ अर्जित किया गया। परिवार का यह मंगलमय समर्पण जिनेंद्र प्रभु के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के साथ-साथ धार्मिक संस्कारों, दानशीलता एवं जिनधर्म के प्रति समर्पण की प्रेरक अभिव्यक्ति है।
प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि जैन धर्म में दान, त्याग, संयम और जिनेंद्र प्रभु की भक्ति आत्मकल्याण के पावन मार्ग के महत्वपूर्ण अंग हैं। प्रभु की शांति-धारा हेतु कलश समर्पित करने का यह पुनीत भाव धर्मप्रेम, श्रद्धा और पुण्यार्जन की भावना को अभिव्यक्त करता है। इस धर्मकार्य से मंदिर की आध्यात्मिक परंपरा के प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव भी सुदृढ़ हुआ।
इस अवसर पर इस अवसर पर श्री पोरवाड़ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष वीरेंद्र भटयांण, ट्रस्टी पंकज जैन महल सहित डॉ राजीव जैन,पंडित निखिलेश जैन उपस्थित थे।पोरवाड़ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट एवं समाज ने इस मंगलमय धर्मसमर्पण की हृदयपूर्वक अनुमोदना की। समाजजनों ने परिवार के पुण्यभाव की सराहना करते हुए मंगलकामना की कि जिनेंद्र भगवान की कृपा एवं जिनशासन के प्रति उनकी श्रद्धा सदैव बनी रहे तथा परिवार धर्म, सदाचार, सुख-समृद्धि और आत्मकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर हो।
