*संपादक/तनिश गुप्ता*
खंडवा के द्वारकाधीश मंदिर में 12×15 फीट की विशाल सांझी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर 16 दिवसीय सांझी उत्सव का समापन, छह घंटे की मेहनत से कलाकारों ने रची मनमोहक कलाकृति
खंडवा। सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर खंडवा स्थित द्वारकाधीश मंदिर में 16 दिवसीय सांझी उत्सव का समापन भव्य एवं आकर्षक सांझी के निर्माण के साथ हुआ। उत्सव के अंतिम दिन कलाकारों द्वारा 12×15 फीट की विशाल सांझी बनाई गई, जिसने मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस विशाल सांझी को आकर्षक एवं कलात्मक स्वरूप प्रदान करने के लिए तनुजा शाह, वैष्णवी शाह, प्रभा शाह, हंस शाह, अर्पणा श्रॉफ एवं हर्षा शाह ने लगातार छह घंटे तक परिश्रम किया। कलाकारों ने अपनी कला, रचनात्मकता और समर्पण से सांझी को जीवंत रूप दिया। इसमें सुंदर रंगों, कलात्मक आकृतियों एवं पारंपरिक धार्मिक प्रतीकों का मनमोहक संयोजन देखने को मिला।
पिछले 16 दिनों से मंदिर में प्रतिदिन विभिन्न स्वरूपों में सांझी का निर्माण किया जा रहा था। अंतिम दिन तैयार की गई विशाल सांझी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और इस अनूठी धार्मिक एवं कलात्मक प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर घनश्यामदास शाह, बृजेश शाह, सीमा शाह एवं अनिल बाहेती सहित अन्य उपस्थितजनों ने कलाकारों के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कलाकारों की मेहनत, लगन और सामूहिक सहयोग से इतनी सुंदर एवं भव्य सांझी का निर्माण संभव हो सका।
सांझी उत्सव भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और लोककला का अनुपम संगम है। इस 16 दिवसीय आयोजन के माध्यम से कलाकारों ने पारंपरिक कला को सहेजने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया। उत्सव के अंतिम दिन निर्मित विशाल सांझी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
