हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलसे चार युवक, महापौर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल।
दुर्गा प्रतिमा लेकर बुरहानपुर से खंडवा आ रहे थे युवक, रास्ते में विद्युत तार के संपर्क में आने से हुआ हादसा।
खंडवा। बुरहानपुर से मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर खंडवा आ रहे टपालचाल क्षेत्र के चार युवक रास्ते में हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गए। तार के संपर्क में आने से प्रतिमा में आग लग गई और इसकी चपेट में आकर चारों युवक झुलस गए। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया की हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, खंडवा में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर महापौर अमृता अमर यादव जिला चिकित्सालय पहुंचीं। उन्होंने घायल युवकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से चर्चा कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। महापौर ने चिकित्सकों को घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने युवकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस दौरान निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, सुनील जैन, एमआईसी सदस्य सोमनाथ काले, राजेश यादव, विक्की भांवरे, उषा दीना पंवार, आशीष चटकेले, अनिल वर्मा, स्नेहा पाराशर, प्रियांशु चौरे, सोनू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
