*ऑपरेशन मुस्कान के तहत खण्डवा पुलिस की बड़ी सफलता*
*माह सितंबर 2026 में 01 बालक एवं 19 बालिकाओं सहित कुल 20 अपहृत नाबालिगों की दस्तयाबी सुनिश्चित*
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अपहृत एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं की पतारसी कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में “ऑपरेशन मुस्कान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक जिला खण्डवा श्री अगम जैन द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपहृत एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं की गंभीरता से पतारसी करते हुए उनकी सुरक्षित दस्तयाबी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया था।
*लगातार प्रयासों से 20 नाबालिगों की दस्तयाबी*
खण्डवा पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत माह सितंबर 2026 में विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपहृत/गुमशुदा बालक-बालिकाओं की पतारसी हेतु विशेष प्रयास किए गए। पुलिस टीमों द्वारा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र, परिजनों एवं परिचितों से प्राप्त जानकारी तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों के आधार पर लगातार तलाश की गई। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप खण्डवा पुलिस द्वारा माह सितंबर 2026 में कुल 20 नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी सुनिश्चित की गई, जिनमें 01 बालक, 19 बालिकाएं शामिल हैं।
*बालक-बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति खण्डवा पुलिस प्रतिबद्ध*
खण्डवा पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की पतारसी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य केवल दस्तयाबी तक सीमित न होकर प्रत्येक बालक-बालिका को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके परिजनों को राहत प्रदान करना है।
*खण्डवा पुलिस द्वारा अपहृत एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं की पतारसी हेतु भविष्य में भी इसी प्रकार सतत एवं प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।*
