‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अंतर्गत सेवा ज्योति संकल्प यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित

खंडवा। ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को पुरानी अनाज मंडी, खंडवा में जिला स्तरीय ‘‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’’ एवं ‘‘विकसित भारत संकल्प सभा’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे सहित जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का पुरानी अनाज मंडी में सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को विकसित भारत 2047 के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा खंडवा जिले की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों पर आधारित पुस्तकों का वितरण जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों को किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ‘‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’’ निकाली गई। सेवा ज्योति मशाल एवं रथ के साथ यात्रा पुरानी अनाज मंडी से प्रारंभ होकर नगर निगम चौराहा, घंटाघर एवं केवलराम चौराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। बस स्टैंड से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए ‘‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’’ के रथों को जनप्रतिनिधियों द्वारा रवाना किया गया।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, खंडवा महापौर अमृता यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रियंका रजावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
