होम » India » थर्मल पावर में दादागिरी का आरोप, शहर की कानून-व्यवस्था पर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल

थर्मल पावर में दादागिरी का आरोप, शहर की कानून-व्यवस्था पर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल

थर्मल पावर में दादागिरी का आरोप, शहर की कानून-व्यवस्था पर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल

उत्तमपाल बोले- समय रहते नहीं चेते तो खंडवा जैसी घटना की पुनरावृत्ति का खतरा

प्रतिभा ने कहा- कार्यक्रमों में परमिशन के बाद भी कम्युनिकेशन गैप,इंदिरा चौक पर जाम, ट्रैफिक सिग्नल को लेकर भी की चर्चा

प्रायोजित विज्ञापन (Sponsored Advertisement)

खंडवा। जिले के पुनासा और शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर/ग्रामीण ने मंगलवार शाम एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक अगम जैन से मुलाकात की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसपी के समक्ष ग्रामीण और शहरी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दे रखे और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि मांधाता विधानसभा क्षेत्र के थर्मल पावर में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से दादागिरी की जा रही है। इसी को लेकर विवाद और मारपीट की घटना हुई तथा एफआईआर भी दर्ज हुई है। उन्होंने एसपी से कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण किया जाए। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनिंदा लोगों द्वारा आम लोगों को वहां काम करने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने इस संबंध में कलेक्टर को भी ज्ञापन देकर तत्काल संज्ञान लेने और मौके का निरीक्षण करने की मांग की है। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे स्वयं मौके पर जाएंगे और मामले में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

“परमिशन के बाद भी एलईडी नहीं लगाने दी, कार्यक्रमों में समन्वय की कमी की बात”
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर प्रतिभा रघुवंशी ने शहर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खंडवा में हाल में हुई घटना के बाद आमजन के मन में भय का माहौल है। सवाल यह है कि पुलिस और थाने के सामने इस तरह की घटना कैसे हो गई। उन्होंने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रमों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट और सिटी कोतवाली के बीच लगातार कम्युनिकेशन गैप दिखाई दे रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अनुमति होने के बावजूद राहुल गांधी के लाइव कार्यक्रम के लिए एलईडी लगाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आगामी कार्यक्रम को लेकर भी अभी तक यातायात व्यवस्था और रूट को लेकर स्पष्टता नहीं है।

“इंदिरा चौक पर जाम, ट्रैफिक सिग्नल को लेकर भी चर्चा”
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएन कॉलेज के सामने इंदिरा चौक पर लगातार लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यहां जाम के कारण शहर के कई हिस्सों का आवागमन प्रभावित होता है। उन्होंने शहर में आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक सिग्नल लगाने का सुझाव एसपी के समक्ष रखा।
एसपी ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल के लिए सड़क की पर्याप्त चौड़ाई आवश्यक होती है और पूर्व में लगाया गया सिग्नल इसी कारण प्रभावी नहीं हो पाया। हालांकि कांग्रेस द्वारा दिए गए सुझावों को मास्टर प्लान में शामिल कर उनका फिजिकल वेरिफिकेशन कराने और इसके बाद उपयुक्त स्थानों पर सिग्नल की संभावनाएं देखने का आश्वासन दिया गया।

“विधायक-महापौर विवाद पर बोलीं प्रतिभा- राजनीति नहीं करना चाहती”
शहर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर पत्रकारों द्वारा विधायक और महापौर के अलग-अलग पक्ष सामने आने संबंधी सवाल पर प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि वह इस मामले में राजनीति नहीं करना चाहतीं। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपना व्यक्ति खोया है या दूसरा परिवार जिसका व्यक्ति संघर्ष कर रहा है, दोनों की स्थिति गंभीर है। प्रशासन को खंडवा में इतना अलर्ट रहना चाहिए कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से ग्रामीण क्षेत्र के मुद्दों के साथ ही शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात, कार्यक्रमों के दौरान प्रशासनिक समन्वय और आम जनता की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी, सुनील सकरगाए, नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर,अर्ष पाठक ,जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, विकास व्यास,विशाल जैन, इमरान गौरी,संजीव पटेल,मनोज पटेल, मनोज मंडलोई, राजकुमार कैथवास, चंदन राजपूत, संदीप सोनी, यशवंत सिलावट, योगेश जांगिड़,मोंटी सिंह पवार, कुंदन पटेल,विनीत सकरगाए सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

📢

इस खबर को शेयर करें (Share This Story)

सत्य और निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के लिए अपने दोस्तों और WhatsApp ग्रुप्स में साझा करें

WhatsApp Facebook X / Twitter Telegram

Tanish Gupta

वरिष्ठ संवाददाता 📍 खंडवा(मध्यप्रदेश)

राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने वाले समाचार संवाददाता।

« पिछली खबर (Previous)
6 वीं अंतर्राष्ट्रीय कराते टूर्नामेंट में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर आंनद नगर खंडवा आनंद नगर को दो स्वर्ण पदक,दो रजत पदक मिले*
6 वीं अंतर्राष्ट्रीय कराते टूर्नामेंट में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर आंनद नगर खंडवा आनंद नगर को दो स्वर्ण पदक,दो रजत पदक मिले*
अगली खबर (Next) »
रेलवे ब्रिज की मुंडेर बनी ‘पक्षियों की भोजनशाला’, श्राद्ध पक्ष में सज रही जीवों के लिए भोजन की थाली
रेलवे ब्रिज की मुंडेर बनी ‘पक्षियों की भोजनशाला’, श्राद्ध पक्ष में सज रही जीवों के लिए भोजन की थाली
WhatsApp अगली खबर →
⬇️ अगली खबर पढ़ने के लिए नीचे स्क्रॉल करें (Scroll down for next story)