*गणेश प्रतिमाओं का विधिवत एवं सुरक्षित विसर्जन संपन्न*
मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कृत्रिम कुंडों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नगर निगम टीम को दी बधाई

खंडवा। गणेश उत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को शहर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन विधिवत एवं सुनियोजित रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान माननीय मंत्री जनजातीय कार्य विभाग डॉ. कुंवर विजय शाह ने नगर में बनाए गए तीन कृत्रिम विसर्जन कुंडों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह की उपस्थिति में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य श्री सोमनाथ काले, श्री राजेश यादव, श्री विक्की भावरे, श्री अनिल वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने क्रेन मशीन की सहायता से गणेश प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया।
मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कृत्रिम विसर्जन कुंडों पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव एवं नगर पालिक निगम की समस्त टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सुनियोजित एवं व्यवस्थित तरीके से कराया जा रहा है। साथ ही विसर्जन की व्यवस्था इस प्रकार की गई है कि मां नर्मदा के पवित्र जल की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जा सके। उन्होंने इस व्यवस्था के लिए नगर निगम की पूरी टीम को मध्यप्रदेश शासन की ओर से बधाई दी।
विसर्जन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालु महिलाओं में से कुछ महिलाओं ने महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव को पुष्पमाला भेंट कर गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नगर निगम द्वारा कृत्रिम विसर्जन कुंडों पर आवश्यक व्यवस्थाएं, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिसके फलस्वरूप गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
