*सद्भावना मंच में दशहरा मिलन समारोह आयोजित*
*सदस्यों ने एक-दूसरे को दी दशहरे की शुभकामनाएं, आपसी सद्भाव और भाईचारे का दिया संदेश*
खंडवा। सद्भावना मंच, खंडवा द्वारा स्थानीय माली कुआं स्थित मंच के कार्यालय में दशहरा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंच के संस्थापक प्रमोद जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
सद्भावना मंच के सदस्य कमल नागपाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार समाज में सकारात्मकता, सदाचार और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। इसी भावना के साथ मंच द्वारा दशहरा मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर मंच के संस्थापक प्रमोद जैन ने कहा कि दशहरा ऐसा पर्व है, जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार रहता है। यह पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण कराते हुए सत्य के मार्ग पर चलने, बुराइयों का त्याग करने और सदैव अच्छे कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के ऐसे आयोजन आपसी मेल-मिलाप बढ़ाने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस मिलन समारोह में प्रमोद जैन, जगदीश चौरे,सुरेंद्र गीते,गणेश भावसार,कमल नागपाल,एम एम. कुरैशी,योगेश गुजराती,धीरज नेगी,संदीप अंकिल,रामेन्द्र गंगराड़े,अशोक जैन,ओम पिल्ले,सुभाष मीणा एवं कैलाश पटेल सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने परस्पर दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को बनाए रखने का संदेश दिया।
