गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित एवं पर्यावरण हितैषी विसर्जन के लिए भैरव तालाब में नवनिर्मित विसर्जन कुंड का लोकार्पण
खंडवा। गणेश उत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं के सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण विसर्जन की व्यवस्था को लेकर आज पदम कुंड, झीलोंध्यान तालाब स्थित अष्टभुजा भैरव कुंड में नवनिर्मित भव्य विसर्जन कुंड का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तनवे ने विधि-विधान से पूजन एवं आरती कर विसर्जन कुंड का लोकार्पण किया। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि आस्था के साथ स्वच्छता का संकल्प लेते हुए पर्यावरण हितैषी तरीके से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें और विसर्जन व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश की भक्ति के साथ पर्यावरण एवं स्वच्छता का ध्यान रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नवनिर्मित विसर्जन कुंड से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण तरीके से संपन्न हो सकेगी।
कार्यक्रम में खंडवा महापौर अमृता यादव, निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव, पार्षद आशीष चटकले, मनीष सारसर, पवन गोस्वामी, राजेश यादव, सोमनाथ काले, रामचंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
