मालवा प्रांत का खो-खो में दबदबा, स्वर्ण पदक व शील्ड पर जमाया कब्जा।

खंडवा। विद्या भारती मालवा प्रांत के मार्गदर्शन में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद खो-खो प्रतियोगिता का समापन 21 सितंबर को शहडोल में हुआ। प्रतियोगिता में मालवा, महाकौशल, मध्य क्षेत्र एवं छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने सहभागिता की। कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बीच मालवा प्रांत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया तथा स्वर्ण पदक के साथ शील्ड पर भी कब्जा जमाया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद मंगलवार को विजयी खिलाड़ियों का खंडवा नगर आगमन हुआ। खंडवा रेलवे स्टेशन पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कल्याणगंज की विद्यालय समिति एवं विद्यालय परिवार द्वारा खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के पश्चात ढोल-ढमाकों की थाप के साथ विजयी खिलाड़ियों का जुलूस निकाला गया, जो विद्यालय परिसर तक पहुंचा। इस दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार में उत्साह और हर्ष का माहौल रहा।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि विद्यालय समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, व्यवस्थापक रविन्द्र बंसल, कोषाध्यक्ष ओम दशोरे, खंडवा विभाग समन्वयक मुकेश पाटिल, प्रांतीय खेल संयोजक श्री सत्यनारायण जी लववंशी, संस्था प्राचार्य श्रीमती शोभा तोमर, प्रधानाचार्य दिलीप सपकाले, राधेश्याम चौहान,खेल शिक्षक नर्मदा प्रसाद चौहान,रितेश पाटिल सहित विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिणाम है। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
