गणेशोत्सव पर्व को लेकर पुलिस ने की कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा
खण्डवा। गणेशोत्सव पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, खण्डवा में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव बारंगे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रक्षित निरीक्षक श्री शिवमंगल सिंह, शहर खण्डवा के तीनों थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं जिला विशेष शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गणेश पांडालों में आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था तथा कानून व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गणेश पांडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का समुचित निरीक्षण किया जाए तथा आयोजकों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। साथ ही पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस द्वारा गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
