*गणेश विसर्जन जुलूस की झांकियों के आयोजकों की बैठक आयोजित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर ने दिए आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देश*

आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत विसर्जन जुलूस में सम्मिलित होने वाली झांकियों के आयोजकों की बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर द्वारा अपने कार्यालय में ली गई। बैठक में निरीक्षक श्री प्रवीण आर्य एवं थाना कोतवाली के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर द्वारा झांकी आयोजकों को विसर्जन जुलूस के दौरान शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
1. *मार्ग एवं समय का पालन*: जुलूस निर्धारित रूट और तय समय सीमा में ही निकाला जाए।
2. *मर्यादित विषयवस्तु*: झांकियों का विषय विवादास्पद, भड़काऊ या किसी की धार्मिक भावना को आहत करने वाला न हो।
3. *क्षमता एवं सुरक्षित संचालन*: ट्रक / वाहन पर क्षमता से अधिक व्यक्ति सवार न हों और चालक गति पर नियंत्रण रखते हुए सावधानी से वाहन चलाए।
4. *ध्वनि नियंत्रण*: डी.जे. एवं लाउडस्पीकर का उपयोग मानक ध्वनि सीमा एवं न्यायालयीन नियमों के अनुरूप ही किया जाए।
5. *सहयोगात्मक व्यवस्था*: जुलूस के साथ चल रहे आयोजक एवं स्वयंसेवक भीड़ नियंत्रण व व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन का सक्रिय सहयोग करें।
6. *विद्युत सुरक्षा*: जुलूस मार्ग में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर व पोल से सुरक्षित दूरी बनाएं रखी जाए।
7. *प्रतिबंधित सामग्री पर रोक*: जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार, मादक पदार्थ या आपत्तिजनक / विवाद उत्पन्न करने वाली वस्तु का प्रदर्शन एवं उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा।
8. *अफवाह से बचाव*: किसी भी अफवाह, विवाद या अप्रिय स्थिति पर स्वयं निर्णय न लें, तत्काल डायल 100 या ड्यूटी पर तैनात पुलिस को सूचित करें।
9. *सुरक्षित विसर्जन*: विसर्जन घाट पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए क्रमबद्ध एवं सुरक्षित रूप से प्रतिमा विसर्जन किया जाए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी आयोजकों से अपील की गई कि गणेश उत्सव एवं विसर्जन जुलूस को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस द्वारा गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
