लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के लिए भाजपा ने गठित की जिला टोली
4 नवंबर को खंडवा में निकलेगी पदयात्रा, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई बैठक
खंडवा। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जिला स्तरीय टोली का गठन किया है। 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में सात विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर की अध्यक्षता में खंडवा विधायक निवास पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
भाजपा प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि अभियान के तहत 4 नवंबर को लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली जाएगी। इसे सफल बनाने के लिए बैठक में विशेष रूप से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर कांग्रेस झूठ का प्रचार कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्यों के साथ जनता के बीच जाकर इसका जवाब देना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार सात विषयों पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
तोमर ने मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों से पदयात्रा के लिए लक्ष्य निर्धारित कर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को होने वाली पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता समन्वय के साथ जुटें।
धर्मेंद्र बजाज बनाए गए अभियान संयोजक
सुनील जैन ने बताया कि अभियान के जिला स्तरीय संचालन के लिए टोली गठित की गई है। इसमें जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज को अभियान का संयोजक बनाया गया है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला उपाध्यक्ष बिंदु दुबे, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह (आनंद) चौहान तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनूप पटेल को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदयात्रा को सफल बनाने का आह्वान
बैठक को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तनवे, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, धर्मेंद्र बजाज, हरीश कोवाले, विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे और राजेश तिवारी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने और 4 नवंबर को आयोजित पदयात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से आग्रह किया।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान निर्धारित सातों विषयों पर संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके लिए मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
