*खण्डवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किसानों के खेतों एवं कुओं से पानी की मोटर पम्प चोरी करने वाले 07 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की गई 07 मोटर पम्प कुल कीमत 70 हजार रुपये की बरामद*
थाना धनगांव पुलिस द्वारा किसानों के खेतों एवं कुओं से पानी की मोटर पम्प चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर चोरी की गई कुल 07 पानी की मोटर पम्प, जिनकी अनुमानित कीमत 70,000 रुपये है, विधिवत जप्त की हैं।
*घटना का संक्षिप्त विवरण –*
दिनांक 03.11.2026 को फरियादी कमल पिता बाबूसिंह सिसोदिया निवासी ग्राम सुलगांव, निलेश पिता रुपसिंह चौहान निवासी ग्राम बखरगांव एवं रविन्द्र पिता सुखलाल जगताप निवासी ग्राम निमाड़खेड़ी द्वारा थाना धनगांव उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके कुओं एवं नाले से पानी की कुल 05 मोटर पम्प चोरी कर ली गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 30,000 रुपये है।
फरियादियों की रिपोर्ट पर थाना धनगांव में अपराध क्रमांक 365/2026, 366/2026 एवं 367/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*पुलिस की कार्रवाई –*
पुलिस अधीक्षक खण्डवा श्री अगम जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री गजेन्द्र सिंह कंवर एवं अनुभागीय अधिकारी पुलिस मूंदी श्रीमती दिव्या झारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धनगांव निरीक्षक शिवराम जमरा द्वारा पुलिस टीम गठित कर चोरी गई मोटर पम्पों की पतारसी प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं पुलिस की सतत कार्रवाई के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया गया। पुलिस द्वारा वर्तमान प्रकरणों के साथ-साथ पूर्व के अपराध क्रमांक 157/2026 एवं 249/2026 में चोरी गई मोटर पम्पों की भी पतारसी की गई।
*पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया:*
1 कुन्दन उर्फ कान्हा टेमरिया, उम्र 20 वर्ष
2. मनीष पिता मिठाराम सोलंकी, उम्र 32 वर्ष
3. शुभम उर्फ आदा पिता पन्नालाल, उम्र 19 वर्ष
4. सुनील उर्फ मुन्नी पिता अशोक, उम्र 20 वर्ष
5. अकरम उर्फ अक्कु पिता हसन, उम्र 21 वर्ष
6. दुर्गाराम पिता भैयालाल मंसारे, उम्र 26 वर्ष
7. अशोक पिता मनीराम मंसारे, उम्र 34 वर्ष
सभी आरोपी निवासी ग्राम सुलगांव, थाना धनगांव, जिला खण्डवा हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की गई मोटर पम्पों में से एक पनडुब्बी मोटर आरोपी अशोक पिता मनीराम मंसारे को बेचना बताया। पुलिस द्वारा आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से उक्त पनडुब्बी मोटर जप्त की गई। इस प्रकार थाना धनगांव पुलिस द्वारा कुल 07 मोटर पम्प, अनुमानित कीमत 70,000 रुपये, विधिवत जप्त की गईं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
*सराहनीय भूमिका –*
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम जमरा, उपनिरीक्षक निर्मल कन्नौजे, सहायक उपनिरीक्षक अकलिम खान, प्रधान आरक्षक सचिन पाटील, प्रफुल्ल प्रजापति, सचिन बोरनारे, सुनील राठौर, सुजीत सोलंकी तथा आरक्षक आकाश शर्मा, उम्मेद सिंह जाट, जगदीश जमरे, मयाराम जामले, नारायण कोचले एवं सूरजपाल पंवार की सराहनीय भूमिका रही।
