पितृ तर्पण के लिए खंडवा में 2 से 8 अक्टूबर तक श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह।
गणगौर घाट पर 9 अक्टूबर को होगा सामूहिक श्राद्ध कर्म, पितरों की आत्मशांति के लिए आयोजित होगा धार्मिक आयोजन।
खंडवा। पितृपक्ष के अवसर पर पितरों की श्रद्धा, तर्पण और आत्मशांति के उद्देश्य से खंडवा में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह एवं पितृ तर्पण का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित होगा। कथा का आयोजन तिथि षष्ठी से त्रयोदशी तक किया जाएगा।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से पितरों के प्रति श्रद्धा और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। कथा में पितरों की आत्मशांति, मुक्ति एवं आशीर्वाद की कामना से श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजन में गोसेवा को भी विशेष महत्व दिया गया है।
सुनील जैन ने ने बताया कि कथा व्यास पं. राकेश तिवारी कथा का वाचन करेंगे। आयोजन स्थल ज्ञान गंगौत्री, ज्ञान रथ, गायत्री मंदिर के सामने निर्धारित किया गया है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पितृ तर्पण के अंतर्गत 9 अक्टूबर को गणगौर घाट पर सामूहिक श्राद्ध कर्म एवं जल अर्पण किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस सामूहिक आयोजन में श्रद्धालु अपने पितरों का तर्पण कर सकेंगे। इसके लिए पंजीयन की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजन गो श्रद्धा बहुउद्देशीय सेवा समिति (विचार परिवर्तन क्रांति मंच), खंडवा द्वारा किया जा रहा है। आयोजन की व्यवस्था में पंडित योगेश तिवारी एवं ब्राह्मण मंडली सहयोग करेगी। आयोजन से जुड़े गणेश भावसार एवं शिवसेना ने श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर पितरों के प्रति श्रद्धा अर्पित करने की अपील की है।
