मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण पर बैठक
—
खंडवा//
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के पालन में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्तावों पर चर्चा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री दीक्षा भगोरिया ने की। बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किए जाने से पूर्व तैयार किए गए संशोधित प्रस्तावों पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से चर्चा की गई। इस दौरान बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों की संख्या, नाम और भवन में किए गए संशोधन की जानकारी दी गई। बैठक में इलेक्शन सुपरवाइजर श्री प्रफुल्ल शुक्ला सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारी एवं सांसद व विधायकों के अधिकृत प्रतिनिधि मौजूद थे।
