ईरान ने संघर्ष रोकने और 7वें दिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने का दिया था प्रस्ताव; परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की भी पेशकश
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान की ओर से दिए गए 7 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि ट्रम्प ने अपने सहयोगियों से नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने गुरुवार को संघर्ष को रोकने के लिए सात दिन का प्रस्ताव रखा था। इस योजना के तहत पहले युद्धविराम और संघर्ष रोकने की बात कही गई थी। इसके बाद सातवें दिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने तथा ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव था।
पजशकियान ने बातचीत को लेकर क्या कहा?
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने बातचीत की संभावना को लेकर कहा है कि जिस दिन अमेरिका इस प्रस्ताव को स्वीकार करेगा, उसी दिन बातचीत शुरू की जा सकती है। ईरान की ओर से यह रुख ऐसे समय सामने आया है, जब दोनों देशों के बीच सैन्य और कूटनीतिक तनाव लगातार चर्चा में है।
🌊 क्यों महत्वपूर्ण है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फारस की खाड़ी और अरब सागर के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव या आवाजाही में बाधा अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और तेल की कीमतों को प्रभावित कर सकती है।
