गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ, नम आंखों से दी बप्पा को विदाई

ढोल-ताशों की थाप पर निकले विसर्जन चल समारोह, भैरव तालाब समेत कृत्रिम कुंडों में हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन; सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
खंडवा। दस दिवसीय गणेशोत्सव के समापन पर शुक्रवार को शहर में भक्ति और उल्लास के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। सुबह से शुरू हुआ विसर्जन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। ढोल-ताशों की थाप और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच भक्तों ने अपने आराध्य को भावभीनी विदाई दी। विसर्जन स्थलों पर अंतिम पूजन और आरती के बाद विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया शहर में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भैरव तालाब, रामेश्वर कृत्रिम कुंड और आईटीआई स्थित कृत्रिम कुंड सहित जिले के विभिन्न नदी-तालाबों में किया गया। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की मदद ली गई। इस दौरान विसर्जन स्थलों पर प्रशासन और पुलिस की टीमें तैनात रहीं। इस वर्ष धार्मिक दृष्टि से पदमकुंड को सुरक्षित बचाते हुए निगम प्रशासन द्वारा निर्मित नवीन अष्टमुखी भैरव का उनका निर्माण किया गया जहां सुबह से लेकर रात्रि तक बड़ी एवं छोटी प्रतिमाओं को मां नर्मदा के जल में श्रद्धालुओं ने विसर्जित किया।
किसी ने पैदल तो किसी ने वाहनों से दी विदाई
गणेश प्रतिमाओं को भक्त पैदल यात्रा के साथ लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। वहीं कई श्रद्धालु कार, जीप, ट्रक और ऑटो में प्रतिमाएं लेकर पहुंचे। रास्तेभर गणपति के जयकारे गूंजते रहे। ढोल-बैंड की थाप पर युवा और श्रद्धालु नाचते हुए चल समारोह में शामिल हुए। भक्ति और उत्साह के बीच लोगों ने अपने प्रिय देवता को अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण देते हुए विदाई दी।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि विसर्जन और चल समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की गई। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खंडवा के अलावा अन्य स्थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया था। सभी जवानों को कंट्रोल रूम में एकत्रित कर क्षेत्रवार ड्यूटी सौंपी गई।
पुलिस बल के साथ ग्राम कोटवार, पटवारी और पंचायत सचिवों को भी उनके क्षेत्र में व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई।
डीआईजी सिमाला प्रसाद ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
सुनील जैन ने बताया कि गणेश उत्सव के अंतिम दिवस शहर में निकलने वाले विसर्जन चल समारोह को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद आकस्मिक दौरे पर खंडवा पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर महेंद्र तारणेकर और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे के साथ चल समारोह मार्ग, मुख्य बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया।
डीआईजी ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विसर्जन स्थलों पर तैनात पुलिस बल को सुरक्षा संसाधनों के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन स्थलों पर भी रही कड़ी निगरानी
जिले के अलग-अलग स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन लगातार जारी रहा। पुलिस द्वारा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया। पुलिसकर्मी अपने-अपने कर्तव्य स्थलों पर सुरक्षा संसाधनों के साथ तैनात रहे।
