संपादक/तनिश गुप्ता
MLB स्कूल में ‘मेरा सपना, मेरा भारत’ चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल हुईं विधायक कंचन तनवे

खंडवा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मोघट थाना स्थित पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘मेरा सपना, मेरा भारत’ विषय पर चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे शामिल हुईं। उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा छात्राओं की रचनात्मकता और उनके विचारों की सराहना की। इसके बाद छात्राओं ने विधायक कंचन तनवे के समक्ष भाषण प्रतियोगिता में अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा खुशी को विधायक कंचन तनवे ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर विधायक कंचन तनवे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में देश की बेटियों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेटियां शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भरता और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने कहा कि आज की छात्राएं ही कल के भारत का भविष्य हैं। उनके सपने, प्रतिभा और संकल्प ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव, पूर्व पार्षद संदेश गुप्ता, दुर्गेश शर्मा, कविता वर्मा, निशा मैडम सहित विद्यालय का स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
