अवैध शराब अहातों पर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, खंडवा और पंधाना में चली जेसीबी
अवैध शराब अहातों पर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, खंडवा और पंधाना में चली जेसीबी
खंडवा। जिले में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को खंडवा एवं पंधाना क्षेत्र में शराब दुकानों के आसपास बने अवैध अहातों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को अवैध शराब गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के तारतम्य में जिला प्रशासन, थाना कोतवाली एवं थाना पंधाना की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए खंडवा और पंधाना में शराब दुकानों के पास बनाए गए अहातों को हटवाया।
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विक्रय और परिवहन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के विरुद्ध जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।