ताजपुर मुखिया ने खिलाड़ियों के बीच जर्सी व फुटबॉल का किया वितरण , खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

0

 

चौपारण। प्रखंड की ताजपुर पंचायत में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुखिया उषा देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु भगत द्वारा स्थानीय खिलाड़ियों के बीच जर्सी और फुटबॉल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुखिया उषा देवी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करता है। उन्होंने कहा कि पंचायत की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि वे प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर ताजपुर पंचायत का नाम रोशन करें।

मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु भगत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि पंचायत खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

जर्सी और फुटबॉल प्राप्त करने के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया। खिलाड़ियों ने पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से ग्रामीण युवाओं का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *