‘मन की बात’ बहुत करते हैं, लेकिन जनता के सवालों पर प्रेसवार्ता से बचते हैं मोदी! पोस्टर के जरिए कांग्रेस ने साधा निशाना
दिल्ली में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन के दौरान खंडवा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाया अनूठा पोस्टर, बड़े लाल शून्य में नजर आए प्रधानमंत्री मोदी, नीचे लगे प्रेस कॉन्फ्रेंस के माइक
खंडवा। नई दिल्ली में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित कांग्रेस के प्रदर्शन में खंडवा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने एक अनूठे पोस्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
प्रदर्शन के दौरान उनके हाथ में दिखाई दिया पोस्टर खासा आकर्षण का केंद्र रहा। पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बड़े लाल रंग के शून्य (0) के भीतर खड़े हुए दर्शाया गया है। वहीं पोस्टर के निचले हिस्से में कई समाचार चैनलों के माइक और ‘PRESS CONFERENCE’ लिखा हुआ है। इस प्रतीकात्मक पोस्टर के जरिए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की प्रेसवार्ताओं को लेकर सवाल उठाए।
पोस्टर के माध्यम से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर प्रतिभा रघुनशी द्वारा संदेश दिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए अपनी बात तो लगातार जनता तक पहुंचाते हैं, लेकिन जनता के मन की बात सुनने और पत्रकारों के सवालों का सामना करने के लिए खुली प्रेसवार्ता नहीं करते। कांग्रेस ने इसी विरोधाभास को शून्य के प्रतीक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माइक के जरिए प्रदर्शित किया।इस पोस्टर को राहुल गांधी जी ने अपनी फेसबुक वॉल पर भी शेयर किया।
खंडवा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने पोस्टर को बुलंद अंदाज में उठाकर प्रदर्शन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब देना और पारदर्शिता बनाए रखना सत्ता की जिम्मेदारी है। एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग की भूमिका और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन जारी है।
दिल्ली के इस प्रदर्शन में खंडवा से उठे पोस्टर ने एक अलग राजनीतिक संदेश दिया—‘मन की बात बहुत हुई, अब जनता के मन की बात भी सुनिए और सवालों का जवाब दीजिए।’
