डीजे व्यवसायियों की समस्याओं और नियमों के पालन को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिला चलित डीजे व्यापारी संघ

खंडवा/प्रतियोगिता करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, सभी व्यवसायियों की जल्द होगी बैठक खंडवा चलित डीजे व्यापारी संघ के संरक्षक सतनाम सिंह होरा के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज पुलिस अधीक्षक अगम जैन से मुलाकात कर डीजे व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इस दौरान संरक्षक सतनाम सिंह होरा ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि संघ द्वारा जल्द ही खंडवा के समस्त डीजे व्यवसायियों की एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में सभी को जागरूक किया जाएगा। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अगम जैन को भी आमंत्रित किया गया। जिसकी उनके द्वारा सहमति भी दी गई
सतनाम सिंह होरा ने कहा कि डीजे व्यवसाय की गरिमा बनाए रखने और सभी व्यवसायियों को नियमों के दायरे में रहकर कार्य करने के लिए संघ प्रतिबद्ध है। जो भी डीजे संचालक आपस में प्रतिस्पर्धा करते हुए नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी । उन्होंने यह भी आग्रह किया कि देर रात कार्यक्रमों से लौटने वाले डीजे वाहनों को अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाए। इसके लिए संघ की ओर से सभी वाहन चालकों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।
संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने भी पुलिस अधीक्षक से चर्चा करते हुए कहा कि जो डीजे संचालक अनुचित प्रतिस्पर्धा करते हैं और नियमों का पालन नहीं करते, उनके नाम एवं जानकारी संघ द्वारा पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के समक्ष संघ ने स्पष्ट किया कि डीजे व्यवसाय से जुड़े सभी व्यापारी शासन के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए व्यवस्थित तरीके से अपना व्यवसाय संचालित करें, यही संघ का उद्देश्य है।
इस अवसर पर संघ के संरक्षक सतनाम सिंह होरा, अध्यक्ष रवि वर्मा, सचिव नितिन जाडव, नावेद खान, गोविंद चौधरी एवं बबलू गुजराती उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि हाल ही में गणेश विसर्जन चल समारोह में चार डीजे व्यवसाईयों पर कार्रवाई भी की गई थी जिसमें उन्होंने मानक तय नियमों का पालन नहीं किया था।
संघ का उद्देश्य है कि नियमों का पालन भी हो, व्यवसायियों का सम्मान भी बना रहे और डीजे व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का समाधान आपसी समन्वय से किया जाए।
