दिव्यांगजनों को नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में प्रगति दिव्यांग सेवा समिति की सराहनीय पहल
जावर में आयोजित हुआ दिव्यांगजन नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग, 40 से अधिक दिव्यांगजनों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
जावर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं नेतृत्वकर्ता बनाने के उद्देश्य से प्रगति दिव्यांग सेवा समिति, खंडवा द्वारा रविवार, 1 नवंबर 2026 को सेक्टर जावर में एक दिवसीय दिव्यांगजन नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। इसमें 40 से अधिक दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें अपने अधिकारों, शासकीय योजनाओं और विभिन्न सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना था, ताकि वे स्वयं अपने अधिकारों के लिए आगे आ सकें और समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान श्री अखिलेश गुर्जर ने संस्था का परिचय एवं उसके कार्यों की जानकारी दी। श्री धर्मेंद्र आर्य ने दिव्यांग प्रमाण पत्र, UDID कार्ड, रेलवे रियायत, पेंशन, सहायक उपकरण एवं अन्य शासकीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। श्री रविन्द्र राठौड़ ने नेतृत्व विकास के विषय पर मार्गदर्शन देते हुए एक अच्छे नेतृत्वकर्ता के गुणों एवं जिम्मेदारियों को समझाया। श्री विपिन राठौर ने मोटिवेशन एवं दिव्यांगता विषय पर प्रेरणादायी विचार रखे। वहीं सुश्री आरती पंवार ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
समिति के कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश गुर्जर ने बताया कि प्रशिक्षण में 40 से अधिक दिव्यांगजनों की सहभागिता इस बात का सकारात्मक संकेत है कि दिव्यांगजन अब जागरूकता के साथ आगे बढ़कर समाज और संगठन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। समिति का प्रयास है कि प्रत्येक सेक्टर में ऐसे नेतृत्वकर्ता तैयार हों, जो अपने क्षेत्र के अन्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक कर सकें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर सेक्टर कमेटी के श्री सुखलाल मोरे, वॉलेंटियर रीना गूगल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री सुखलाल मोरे ने सभी वक्ताओं, अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह प्रशिक्षण वर्ग दिव्यांगजनों को लाभार्थी से नेतृत्वकर्ता बनाने तथा उन्हें आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ समाज की मुख्यधारा में आगे लाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।
आयोजक: प्रगति दिव्यांग सेवा समिति, खंडवा
