*अमर शहीद संत कंवर राम साहब की पुण्यतिथि पर सिंधी समाज ने किया स्मरण, भजनों की दी प्रस्तुति*
खंडवा। सुप्रसिद्ध सूफी कवि एवं अमर शहीद संत कंवर राम साहब जी की पुण्यतिथि पर स्थानीय सिंधी समाज द्वारा श्रद्धापूर्वक उनका स्मरण किया गया। इस अवसर पर उनके लोकप्रिय भजनों के साथ भगवान श्री झूलेलाल जी के पंजड़ों की भी प्रस्तुति दी गई।
सिंधी समाज के प्रवक्ता कमल नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सिंधी कॉलोनी स्थित चावला चौक पर आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक धार्मिक भजनों की प्रस्तुति हुई। वहीं दोपहर 2 बजे तक प्रसादी वितरण का क्रम निरंतर जारी रहा। बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर संत कंवर राम साहब के जीवन एवं उनके त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक योगदान का स्मरण किया तथा प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक विजय कुमार मंगवानी ने कहा कि संत कंवर राम साहब का जीवन प्रेम, सद्भावना, भक्ति और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।तीरथधाम के बाबा देवीदास,पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष मेठाराम पिंजानी,कार्यकारी अध्यक्ष मोहन दीवान सहित अनेक गणमान्य यहां दर्शनार्थ पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम में नंदलाल भोजवानी,जेठानंद हरचंदानी,रामचंद्र दुल्हानी, रामचंद्र जेठवानी,विजय मंगवानी,राजा फतवानी,रामचंद्र हेमवाणी, एवं चंद्रलाल मोटवानी का विशेष सहयोग रहा।
