अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन के स्थान में परिवर्तन: अब घंटाघर की जगह इंदौर रोड स्थित बालाजी धाम कॉलोनी में सजेगी काव्य संध्या।
खंडवा। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस, दीपावली के पावन पर्व तथा प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बालाजी ग्रुप के संयोजक रितेश गोयल एवं ग्रुप द्वारा आयोजित होने जा रहे भव्य ‘अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन’ के आयोजन स्थल में जनहित को ध्यान में रखते हुए बदलाव किया गया है। पूर्व में घंटाघर पर प्रस्तावित यह आयोजन अब बालाजी धाम कॉलोनी, इंदौर रोड, खंडवा में संपन्न होगा।
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन बताया कि आयोजन समिति के अनुसार, त्योहारी सीजन के दौरान मुख्य बाजार में उमड़ने वाली भीड़, स्थानीय फुटकर व्यापारियों के सुगम व्यापार तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है, ताकि आमजन व राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भव्य काव्य निशा 2 नवंबर को रात्रि 8:00 बजे से इंदौर रोड स्थित बालाजी धाम कॉलोनी में प्रारंभ होगी। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
देशभर से जुटेंगे नामचीन कवि
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और ठहाकों से सजी इस शाम में देश के प्रतिष्ठित रचनाकार प्रसिद्ध कवि शशिकांत शशि ‘सबरस’ (देवास): मंच संचालन करेंगे, कवि सम्मेलन में अन्य कवि डॉ. भुवन मोहिनी (इंदौर): सुप्रसिद्ध गीत एवं ग़ज़लकार, पार्थ नवीन (कानपुर): हास्य रचनाकार, मुन्ना बैट्री (मंदसौर): हास्य रस,अर्जुन अल्हड़ (कोटा) हास्य व्यंग्य,
महेंद्र मधुर (दिल्ली) वरिष्ठ गीतकार शामिल होंगे।
बैठने की विशेष व्यवस्था, सपरिवार आमंत्रण
समाजसेवी रितेश गोयल ने बताया कि यह एक पूर्णतः पारिवारिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम है, जिसमें सभी साहित्य व काव्य प्रेमियों के लिए पर्याप्त बैठक एवं अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति ने नगर व आसपास के समस्त नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं साहित्य अनुरागियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर इस गरिमामयी आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
