“मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के तहत रोशनी में शिविर सम्पन्न, शिविर में 886 आवेदन का मौके पर ही किया निराकरण
—
खंडवा//
“मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान” के तहत खालवा विकासखंड के मांगलिक भवन ग्राम रोशनी में शुक्रवार को शिविर आयोजित किया गया शिविर में प्रमुख राजस्व आयुक्त मध्यप्रदेश सुश्री निधि निवेदिता, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एश्वर्य वर्मा, हरसूद एसडीएम श्री आरसी खेतडिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला सिलाले, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सती बाई, सरपंच संतोष पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रमुख राजस्व आयुक्त ने कहा कि खंडवा जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्लॉटों की रजिस्ट्री के लिए 23,738 पंजीयन पूर्ण हो चुके हैं। खालवा में भी 114 गांवों में लगभग 3 हजार पंजीयन पूर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि खालवा में कुछ ग्राम पंचायतों को मॉडल के रूप में विकसित किया जाए, जहां मत्स्य पालन, पोषण वाटिका, आंगनवाड़ी पोषण सेवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को एक साथ जोड़कर देखा जाए। यह भी देखा जाए कि क्या मत्स्य पालक समूह और आंगनवाड़ी केंद्र के बीच समन्वय स्थापित किया जा सकता है और पोषण जागरूकता गतिविधियों में मत्स्य पालकों को शामिल किया जा सकता है। खालवा के लिए मत्स्य पालन और कुपोषण को जोड़ते हुए एक समेकित कार्य योजना बनाकर क्रियान्वयन किया जाए, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग पोषण की नियमित निगरानी करे, स्वास्थ्य विभाग परीक्षण-उपचार सुनिश्चित करे, मत्स्य विभाग जल संसाधन के बेहतर उपयोग पर कार्य करे और पंचायत ग्रामीण विकास विभाग समुदाय को इस प्रयास से जोड़े।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों से कहा कि जिले में इस वर्ष कम वर्षा होने के कारण आगामी रबी सीजन में सिंचाई के संकट को देखते हुए कम पानी लेने वाली फसलों का चयन करने करे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल लगे हुए हैं। सभी ग्रामीण वहां जाकर अपना हीमोग्लोबिन चेक कराएं। हीमोग्लोबिन के साथ-साथ बीपी और शुगर की जांच भी करवाएं। यह जांच एकदम निःशुल्क की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के अतिरिक्त उद्यानिकी फसलों को भी अपनाना चाहिए। उद्यानिकी फसलों से अधिक लाभ कमाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने स्वामित्व योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से सभी की रजिस्ट्रियां फ्री की जा रही हैं, जिससे भविष्य में उन्हें लोन लेने और मकान बनाने में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत सृष्टि, ध्रुवी, आफिया और प्रिया को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा जमीला बी और कुसुम राठौर को पेंशन योजना के तहत लाभ प्रदान किया गया। श्री हरिओम को पावर स्प्रे पंप का वितरण किया गया एवं एक अन्य हितग्राही को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पौष्टिक आहार किट का वितरण भी किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया। शिविर में कुल 886 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
