प्रमुख राजस्व आयुक्त सुश्री निवेदिता ने ग्राम रोशनी में इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर परियोजना का अवलोकन किया
—
खंडवा//खालवा विकासखंड के ग्राम रोशनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की “लखपति दीदी” की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से आदिवासी बहुल विकासखंड खालवा के ग्राम रोशनी में 136 लाख रुपए लागत से इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर तैयार किया गया है, जहां स्व सहायता समूह की महिलाएं मछली पालन, उद्यानिकी एवं पशुपालन जैसी गतिविधियों के माध्यम से आय प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं ।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के पूर्व मध्यप्रदेश की प्रमुख राजस्व आयुक्त सुश्री निधि निवेदिता ने कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के साथ परियोजना का अवलोकन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने उन्हें बताया कि इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर से जुड़ी डेढ़ सौ से अधिक महिलाओं को मछली पालन, पशुपालन, पौधारोपण एवं अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि वे इन व्यवसायों को अच्छी तरह से कर सकें। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर के तहत जिला पंचायत द्वारा पहले से संचालित गौशाला से प्राप्त गोबर एवं गोमूत्र का उपयोग जैविक खेती और पोषण वाटिका में किया जा रहा है। इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए एक्वा पार्क, फलदार पौधों की वाटिका और पर्यटन आकर्षण हेतु सेल्फी प्वाइंट विकसित किए गए हैं। यह परियोजना पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल और जीरो-वेस्ट मॉडल पर आधारित है।

