प्रधान जिला न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया
—
खंडवा//प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव ने बुधवार को जिला जेल खंडवा का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, भोजन, स्वच्छता, योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न बैरकों में पहुंचकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर यह जानकारी ली कि किन प्रकरणों में अधिवक्ता नियुक्त नहीं हैं तथा बंदियों को अपने अधिवक्ता और प्रकरण की पैरवी के संबंध में आवश्यक जानकारी मिल रही है या नहीं।
जिन बंदियों के प्रकरणों में अधिवक्ता उपलब्ध नहीं थे अथवा जिन्हें अपने अधिवक्ता के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं थी, उनके नाम नोट किए गए, ताकि उन्हें आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही की जा सके।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने बंदियों को जेल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई जैसी गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बंदियों के दैनिक जीवन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात प्रधान जिला न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने जेल की भोजनशाला का निरीक्षण किया और बंदियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की व्यवस्था को देखा। निरीक्षण के दौरान बंदियों के स्वास्थ्य तथा उनकी अन्य व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान श्री पीयूष भावे, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खंडवा, जेल अधीक्षक श्री डी.के. सारस; जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ श्री दशरथ सिंह चौहान, डिप्टी चीफ श्री प्रीतम दुबे, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सुश्री साक्षी गुप्ता तथा पैरालीगल वॉलंटियर श्री अब्बास अली उपस्थित थे।

