*“जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने किया थाना मोघट रोड का भ्रमण*
मध्यप्रदेश पुलिस (सामुदायिक पुलिसिंग) एवं उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल के अंतर्गत संचालित “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यशाला के तहत आज दिनांक को छात्र-छात्राओं का थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को थाना मोघट रोड, खण्डवा का भ्रमण करवाकर पुलिस की कार्यप्रणाली एवं थाने में संचालित विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया गया।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया, महिलाओं की सहायता हेतु थाने में उपलब्ध विशेष सुविधाओं, बाल हितैषी कक्ष, पुलिस अभिरक्षा एवं हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, थाना मालखाना तथा पुलिस के विभिन्न हथियारों एवं उनके उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को पुलिस संचार प्रणाली, डायल-112 आपातकालीन सेवा एवं पुलिस वाहनों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, उनसे बचाव के उपायों तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (https://cybercrime.gov.in) के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
इस थाना भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करना है।
