भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के आज खंडवा प्रवास की तैयारीया पूर्ण , 16 स्थानों पर होगा स्वागत
जिला भाजपा की बैठक में स्वागत और व्यवस्था समितियों का गठन,
पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां; बूथ अध्यक्ष हिमांशु राज के निवास पर करेंगे भोजन
खंडवा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रथम खंडवा प्रवास को लेकर जिला भाजपा संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार, 11 अक्टूबर को प्रस्तावित उनके आगमन पर शहर और जिले में 16 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। प्रवास के दौरान वे कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने के साथ कोर समिति की बैठक करेंगे और श्री दादाजी धाम में दर्शन भी करेंगे। इसके बाद बूथ अध्यक्ष हिमांशु राज के निवास पर भोजन कर भोपाल के लिए रवाना होंगे।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर की अध्यक्षता और संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा के मुख्य आतिथ्य में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वागत, मंच व्यवस्था, साज-सज्जा और अन्य कार्यक्रमों के संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिला टोली सहित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत और कार्यक्रमों को व्यवस्थित बनाने के लिए संगठन स्तर पर दायित्वों का विभाजन किया गया है।
संतोष सोनी को जिला टोली का संयोजक बनाया
प्रवास के लिए गठित जिला टोली में जिला महामंत्री संतोष सोनी को संयोजक और जिला उपाध्यक्ष सुधांशु जैन को सहसंयोजक बनाया गया है। स्वागत समिति का प्रभारी जिला उपाध्यक्ष नंदकिशोर (लल्लू) करोड़ी को बनाया गया है। तपन जैन, प्रियांगु चौरै, आशीष राजपूत और मंगलेश सिंह तोमर सह-प्रभारी रहेंगे।
किशोर कुमार सभागृह में आयोजित कार्यकर्ता बैठक की मंच व्यवस्था का प्रभार पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमर यादव को सौंपा गया है। प्रशांत मिश्रा, भरत पटेल और रोहित मिश्रा सहयोग करेंगे। श्री दादाजी धाम में दर्शन व्यवस्था की जिम्मेदारी पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष कोठारी को दी गई है। सेवादास पटेल, धर्मेंद्र बजाज और आशीष चटकलें सह-प्रभारी रहेंगे।
झंडे और बैनर की व्यवस्था विधायक कंचन मुकेश तनवे तथा महापौर अमृता अमर यादव संभालेंगी। वहीं, साज-सज्जा की जिम्मेदारी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनूप पटेल और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सागर आरतानी को सौंपी गई है।
इन 16 स्थानों पर होगी स्वागत की व्यवस्था
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि भाजपा संगठन की ओर से जारी सूची के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए शहर और जिले में 16 स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनके लिए जनप्रतिनिधियों, मंडल पदाधिकारियों और मोर्चा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
शाम 5:30 बजे पहुंचेगे खंडवा, रात में भोपाल रवाना होंगे
प्रवक्ता सुनील जैन के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार शाम 5:30 बजे खंडवा पहुंचेंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद वे किशोर कुमार सभागृह में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद कोर समिति की बैठक होगी।
बैठकों के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष श्री दादाजी धाम पहुंचकर दर्शन करेंगे। रात 8:30 बजे वे अटल बिहारी वाजपेयी मंडल के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 26 में बूथ क्रमांक 222 के अध्यक्ष हिमांशु राज के निवास पर भोजन करेंगे। भोजन के बाद वे ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
