*स्वच्छता को आदत और संस्कार बनाने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प*
*मोतीलाल नेहरू विद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विविध गतिविधियां*
खंडवा, 2 अक्टूबर 2026 स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026’ अभियान के तहत मोतीलाल नेहरू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विद्यालय की प्राचार्य मनीषा कास्बी के मार्गदर्शन में शिक्षिका हर्षा शर्मा, उमा भाटे और समीक्षा थरपाल के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही आदत, सुरक्षित शौचालय उपयोग, जल संरक्षण और कचरे के उचित प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को एसडब्ल्यूएम नियम-2026 के अनुरूप गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की समझाइश दी गई। साथ ही 4-आर—रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल और रिफ्यूज की अवधारणा से अवगत कराया गया। पुराने खिलौनों, कपड़ों और उपयोगी सामग्री के पुन: उपयोग के साथ जरूरतमंदों तक उपयोगी वस्तुएं पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विद्यालय में सिंगल यूज प्लास्टिक से बचाव, कचरा पृथक्करण, स्वच्छता और जल संरक्षण विषयों पर संवाद और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने समझा कि स्वच्छता किसी अभियान या विशेष दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की जिम्मेदार आदत बनाना जरूरी है।
अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वैच्छिक श्रमदान और स्वच्छता सेवा की भावना का संदेश भी विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया। विद्यालय परिवार ने स्वच्छ विद्यालय से स्वच्छ शहर और स्वच्छ शहर से स्वच्छ भारत के निर्माण की दिशा में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने संदेश दिया—
“स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, हमारी आदत और संस्कार बने।”
विद्यार्थियों की यह पहल विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाने के साथ ही समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश देने वाली प्रेरणादायक पहल बनी।
स्वच्छता को आदत और संस्कार बनाने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प*
Tanish Gupta
वरिष्ठ संवाददाता
📍 खंडवा(मध्यप्रदेश)
राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने वाले समाचार संवाददाता।
