लिपिक सहकारी साख संस्था के 99वें वार्षिक सम्मेलन में विधायक तनवे ने कहा—सहकारिता से कर्मचारियों के हितों को मिला संबल
![]()
विधायक बोलीं—लिपिक वर्ग के कर्मचारी मेरे भाई, सहकारिता भवन के अतिरिक्त कक्ष के लिए 5 लाख की मांग पर आगामी बजट में होगा विचार
खंडवा। पूर्व निमाड़ जिला शासकीय लिपिक सहकारी साख समिति मर्यादित, खंडवा का 99वां वार्षिक सम्मेलन स्थानीय शुभ परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कंचन मुकेश तनवे शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के हितों के लिए लंबे समय से कार्य कर रही यह संस्था दादाजी नगरी खंडवा की पहचान बन चुकी है।
अपने संबोधन में विधायक तनवे ने कहा कि “मेरे खंडवा विधानसभा क्षेत्र के आप सभी लिपिक साथी मेरे भाई हैं।” उन्होंने संस्था के अध्यक्ष संतोष मधुकर गवई द्वारा सहकारिता भवन की मरम्मत एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपए की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रस्ताव पर आगामी बजट में आवश्यक रूप से विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों को लाभांश का वितरण विधायक कंचन तनवे के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर प्रशासक गोविंद प्रसाद नागवंशी तथा आदर्श कर्मचारी साख संस्था सहकारिता, भीकनगांव के डायरेक्टर के.बी. मंसारे ने भी संबोधित किया।
संस्था के अनुमानित बजट का वाचन उपाध्यक्ष नवल सिंह दरसीमा ने किया। कार्यक्रम का संचालन डायरेक्टर गिरिराज सेंगर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डायरेक्टर प्रफुल्ल शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर संचालक मंडल के विशाल जोशी, जितेंद्र सेंगर, भागीरथ निनामा, ममता गनेरा, नीति गुप्ता, अशोक सोनी, प्रदीप तिवारी, प्रवीण गुरु और बसंत कौशल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
वार्षिक सम्मेलन में सर्वसम्मति से आमसभा के ठहराव प्रस्ताव पारित किए गए। अंत में संस्था के अध्यक्ष ने उपस्थित अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

