निर्माणाधीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास कार्यों को समय सीमा में गुणवत्ता पूर्वक पूर्ण करे कलेक्टर अंजू पावन भदौरिया

0

*निर्माणाधीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करें: कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया*

*गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ पौधरोपण एवं जल संरक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश*

*डिंडौरी : 01 अगस्त,2026*

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत भवन, आंगनवाड़ी भवन, जनमन योजना अंतर्गत जनमन आंगनवाड़ी, सामुदायिक भवन तथा स्मार्ट फिश पार्लर सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में मानक के अनुरूप गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे भवन लंबे समय तक उपयोगी एवं सुरक्षित बने रहें।
बैठक में कलेक्टर ने पंचायत भवन सहित सभी निर्माणाधीन परिसरों के आसपास फलदार एवं छायादार पौधों का पौधरोपण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा जल संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक निर्माण स्थल पर सोकपिट एवं नाडेप तैयार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पंकज जैन, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उपयंत्री एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *