*खण्डवा पुलिस की सतर्कता एवं मुस्तैदी से निर्विघ्न सम्पन्न हुआ नवदुर्गा उत्सव एवं विजयादशमी पर्व*
*1148 स्थानीय एवं 144 सीमावर्ती जिलों की प्रतिमाओं का बिना किसी दुर्घटना के कराया गया विसर्जन*
पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन द्वारा उत्सव की तैयारियों के संबंध में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन स्थलों के चिन्हांकन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया था। संपूर्ण व्यवस्था में पुलिस अधीक्षक से लेकर थाना स्तर के अधिकारियों, पुलिस बल एवं ग्राम कोटवार तक की जिम्मेदारियां निर्धारित कर उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग किया गया।
पुलिस अधीक्षक से लेकर थाना प्रभारी स्तर तक के अधिकारियों द्वारा प्रतिमा स्थापना स्थलों, गरबा आयोजनों के स्थलों, विसर्जन स्थलों एवं उनके पहुंच मार्गों का बार-बार भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतत निगरानी तथा समन्वित प्रयासों से पूरे उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन के साथ विजयादशमी पर्व भी हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस दौरान जिला खण्डवा की 1148 प्रतिमाओं तथा सीमावर्ती जिलों की 144 प्रतिमाओं सहित कुल 1292 प्रतिमाओं का जिले के विभिन्न निर्धारित विसर्जन स्थलों पर बिना किसी दुर्घटना के विसर्जन सम्पन्न कराया गया।
*खण्डवा पुलिस के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सजगता, सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समन्वित प्रयासों से त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न कराए गए।*
